आठ से 10 दिसंबर तक जौनपुर में होगी जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता
देवरिया। जौनपुर में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय समन्वय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिले के खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित हुआ। इसमें कुल 57 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसके बाद 10 सदस्यीय जनपद टीम का चयन किया गया, जो 30 नवंबर को गोरखपुर में आयोजित मंडल ट्रायल में हिस्सा लेगी।
खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ की ओर से इस बार जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी जौनपुर को दी गई है। वहां पर आठ से 10 दिसंबर तक यह प्रतियोगिता होगी। इसमें प्रतिभाग के लिए मंगलवार को रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला ट्रायल का आयोजन जिला कबड्डी संघ के पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुआ।
खिलाड़ियों की फिटनेस व स्किल जांचने के बाद मंडल ट्रायल के लिए विशाल यादव, विवेक सिंह, विजय यादव, अनुराग गुप्ता, जितेंद्र यादव, नीलेश, प्रियांशु कुमार, चंचल पासवान, प्रकाश विश्वकर्मा, जयप्रकाश यादव का चयन किया गया। आरक्षित खिलाड़ी के लिए प्रदीप प्रसाद, किशन कुमार, मोनू को रखा गया। ट्रायल सहायक प्रशिक्षक अब्दुल अहद, महातम सिंह, मुलायम सिंह यादव, पिंटू लाल यादव की देखरेख में चला।