फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस : बर्तन, आभूषण, वाहन की खूब हुई खरीदारी

विज्ञापन
धनतेरस अवसर पर शहर के मालवीय रोड पर बर्तन की खरीदारी करते लोग ।संवाद - फोटो : DEORIA
विज्ञापन
धनतेरस : बर्तन, आभूषण, वाहन की खूब हुई खरीदारी
विज्ञापन

दो साल बाद प्रमुख बाजारों में दिखी रौनक, शनिवार का असर के बावजूद रही खूब चहल-पहल
भीड़ के चलते मुख्य मार्गों व गलियों में स्थित प्रतिष्ठानों तक पहुंचने में लोगों को करनी पड़ी मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। धनतेरस पर शनिवार को बाजार गुलजार दिखा। दो साल तक कोरोना के चलते मंद रहे बाजार में इस पर्व ने जान फूंक दी। खरीदारी के शुभ मुहूर्त होने के चलते लोगों ने बर्तन, आभूषण, चांदी के सिक्के, मोबाइल, वाहन, इलेक्ट्रानिक सामानों को खरीदने में खूब रुचि दिखाई।
हालांकि, शनिवार के चलते वाहनों एवं अन्य सामान को लेने लोग हिचकते भी रहे। अधिकतर प्रतिष्ठानों पर एडवांस बुकिंग कराकर रविवार को लेना तय हुआ। बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार पर्व के चलते 50 करोड़ का कारोबार हुआ।
विज्ञापन

धनतेरस दो दिन होने के बावजूद शनिवार को अपराह्न के बाद प्रमुख बाजारों में भीड़ बढ़ी। शहर के मालवीय रोड स्थित सर्राफा व बर्तन के बाजारों में अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक लोग दिखे। मोतीलाल रोड पर गणेश, लक्ष्मी की प्रतिमा व सजावटी सामान की भी खूब बिक्री हुई। कपड़े की दुकानों पर भी बच्चों के साथ अभिभावक पहुंचे, वहीं मोबाइल की दुकानों पर युवाओं की भीड़ अधिक रही। लोग दुकानदार से नए माडल और इसकी खूबी के बारे में तथा दुकान के मूल्य व ऑनलाइन मंगाने के बारे में पूछताछ करते दिखे।
हालांकि, धनतेरस से संबंधित सामान की खरीदारी करने वाले दुकानों पर तीन बजे के बाद ही शुभ मुहूर्त होने के चलते पहुंचे। बर्तन की दुकानों पर तो मोलभाव कर महिलाओं ने खरीदारी की। हालांकि, बर्तनों के मूल्य में तेजी ने सभी को परेशान भी किया। जिला बर्तन कमेटी के मंत्री मनोज वर्मा ने बताया कि स्टील की कीमतें बढ़ने से इस बार बर्तनों के दाम पिछले साल से बढ़े हैं। कटोरी, चम्मच, गिलास, पूजा के सामान, बर्तन रखने का स्टैंड, कड़ाही, भगौना, प्लेट आदि आदि के अलावा छोटे सामान की बिक्री अधिक रही।
दोपहर के बाद आभूषण की ब्रांडेड व अन्य दुकानों पर पहुंचे ग्राहक
पर्व के चलते आभूषण की दुकानों पर भी खूब ग्राहक उमड़े रहे। इससे सर्राफा बाजार में भी उछाल दिखा। मालवीय रोड के एसके ज्वैलर्स के आशीष सोनी ने बताया कि कड़े, हार सेट, अंगूठी, झाला सहित छोटे आइटम ज्यादा बिके। परंपरागत ग्राहकों के आने से बाजार भी पिछले दो सालों की अपेक्षा सुधरा रहा। उधर, जिला सर्राफा मंडल के अध्यक्ष शंखलाल सर्राफ ने बताया कि दो दिन धनतेरस के चलते मार्केट प्रभावित रहा। धनतेरस की बिक्री रविवार को भी रहेगी। उम्मीद है कि 20 करोड़ से अधिक का सर्राफा कारोबार ही रहेगा। उनका कहना था कि आभूषण के कई ब्रांडों की एजेंसी खुल जाने से छोटे कारोबारियों का व्यवसाय कम हुआ। वहीं, एक ब्रांडेड आभूषण के व्यवसायी संजय केडिया व रीना केडिया ने बताया कि धनतेरस में छोटे आइटम ज्यादा पसंद गए।
दोपहिया वाहन एजेंसियों पर बुकिंग के लिए रही भीड़, तीन हजार से अधिक बिके
शहर के दोपहिया वाहनों की पांच एजेंसिया हैं। यहां धनतेरस के दिन गाड़ी लेने के लिए ग्राहकों में होड़ रही। गणपति हीरो के प्रोपराइटर रोहित छापड़िया ने बताया कि पुरवा व सोंदा स्थित दोनों एजेंसियों पर धनतेरस के दिन 400 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई है। पूर्वांचल मोटर्स जेल रोड के मालिक निपेंद्र गुप्ता ने बताया कि 750 से अधिक वाहनों की बिक्री हुई है। इसमें कुछ वाहन रविवार को ग्राहक ले जाएंगे। राजश्री होंडा गोरखपुर रोड के प्रोपराइटर सुजीत जायसवाल ने कहा कि 177 वाहन शनिवार को बिक गए, 100 वाहनों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। गणेश बजाज रुद्रपुर मोड़ के मालिक आकाश विश्वकर्मा ने बताया कि शनिवार को 320 वाहन बिके हैं। 100 वाहनों की एडवांस बुकिंग हुई है। गणपति टीवीएस गोरखपुर रोड पुरवा के अभिषेक निगम ने बताया कि 200 से अधिक वाहन एक दिन में बिके, इसके अलावा 100 वाहनों की बुकिंग की गई। शनिवार की वजह से इसे ग्राहक रविवार को ले जाएंगे।
चारपहिया वाहनों का बाजार भी दिखा गुलजार
शहर में चारपहिया के चार एजेंसिया हैं। वहीं, तिनपहिया व ई-रिक्शा की भी कई एजेंसियां हैं। पूर्वांचल मोटर्स सोंदा के प्रोपराइटर ने बताया कि उनके यहां से 20 वाहनों की बुकिंग हुई है। खरीदने वालों ने शनिवार को वाहन लेने से परहेज किया और रविवार को वह ले जाएंगे।
विज्ञापन

इलेक्ट्रानिक दुकानों पर फ्रीज, टीवी की हुई अधिक बिक्री
भटवलिया स्थित श्याम इलेक्ट्रानिक के प्रोपराइटर अजय अग्रवाल व कोतवाली रोड के शिवकृपा इलेक्ट्रानिक के प्रोपराइटर सुनील सिंह ने बताया कि ग्राहकों ने एलईडी टीवी, फ्रीज, प्रेस, मिक्सर आदि खरीदने में अधिक रुचि दिखाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें