सलेमपुर। भटनी के घांटी बाजार थवई टोला के मजार पर अकीदतमंदों ने रविवार की रात चादर चढ़ाकर सबके सलामती की दुआ मांगी। हिंदू व मुस्लिम समाज के लोगों ने मिल कर मजार पर चादरपोशी कर कौमी एकता की मिसाल कायम की।
घांटी बाजार के थवई टोला में दादा हनीफ शाह की मजार है। रविवार की रात उनके मजार पर हर वर्ष की तरह सलाना उर्स मनाया गया। सलाना उर्स पर पहुंचे अकीदतमंदों ने मजार पर चादर चढ़ा कर सभी के सलामती की दुआ मांगी। दादा के मजार पर बलुआ अफगान, रायबारी, चौरिया, सिंहपुर, डेमुसा, अलावलपुर, बनकटिया, लक्ष्मीपुर, जगरनाथ छपरा, दुल्लह छपरा, चुहियां, रानीघाट, मोतीपुर आदि गांवों के अकीदतमंद अपने मन की मुराद पूरी करने के लिए फातिया कराते हैं। रात में लगे मेले में बूढ़े हो या बच्चे सभी ने जमकर खरीदारी की। सोमवार की रात कव्वाली का आयोजन किया गया है। इस दौरान डाॅ. अकबर अली, खालिद हुसैन, मंटू खान, महबूब आलम, सदरे आलम, जावेद खान आदि मौजूद रहे।