देसही देवरिया। विकास खंड क्षेत्र के सहोदरपट्टी गांव स्थित शिवमंदिर परिसर में चल रहे ग्यारह दिवसीय रुद्र महायज्ञ के आठवें दिन रासलीला मंडली के कलाकारों ने श्रीकृष्ण-सुदामा मिलन का मंचन किया। सहोदरपट्टी गांव में चल रहे रुद्र महायज्ञ में रासलीला मंडली के कलाकारों ने मंचन में दिखाया कि सुदामा की दीनहीन दशा देख उनकी पत्नी सुशीला ने एक दिन हठ पूर्वक कहा कि आप कहते हैं कि द्वारिका के राजा कृष्ण आपके बचपन के मित्र हैं। हम लोग इतनी गरीबी में जी रहे हैं, आप उनसे जाकर मिलकर अपनी हालत बताएं, हो सकता है कि वह पहचान लें और मदद करें। पत्नी के कहने पर सुदामा अपने सखा से मिलने पहुंच गए। वहां द्वारपाल उनके फटे कपड़ों को देखकर भगाने लगे। वह कहते रहे कि कृष्ण उनके मित्र हैं, लेकिन कोई सुनता ही नहीं। इसी बीच कृष्ण को मालूम हुआ कि उनसे मिलने मित्र सुदामा आए हैं तो वह मिलने के लिए नंगे पैर ही दौड़ पड़े। दोनों के मिलन और कृष्ण की आंखों से मित्र के हाल पर बहते आंसू देख कर दर्शक भावुक हो गए।