देवरिया। रामपुर कारखाना ब्लॉक परिसर में बृहस्पतिवार की दोपहर परिवार रजिस्टर की नकल देने के लिए एक फरियादी तथा ग्राम पंचायत सचिव की आपस में झड़प हो गई। देखते-देखते मामला बिगड़ गया। मौके पर अन्य ग्राम प्रधान तथा सचिव पहुंच गए और बीच-बचाव कर मामला शांत कराए।
बनकट बहादुरपुर गांव के रहने वाले राजकुमार भारती को परिवार रजिस्टर की नकल की आवश्यकता थी। इसके लिए ग्राम पंचायत सचिव का काफी दिनों से चक्कर लगा रहे थे। न देने पर वह ब्लॉक मुख्यालय पहुंच गए तथा खंड विकास अधिकारी के मीटिंग समाप्त होने के बाद वह ग्राम पंचायत सचिव संजय मिश्रा से नकल देने की बात कहने लगे। इसी बात को लेकर दोनों में तकरार होने लगी और देखते-देखते झड़प शुरू हो गई। मामला मारपीट होते-होते बच गई। यह देख मौके पर अन्य ग्राम प्रधान तथा ग्राम पंचायत सचिव पहुंच गए, दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
पीड़ित का आरोप था कि नकल देने के लिए महीनों से सचिव दौड़ा रहे हैं। जबकि ग्राम पंचायत सचिव ने बताया कि सचिवालय भवन पर सभी अभिलेख रखे गए हैं। वहां पर न जाकर के ब्लॉक मुख्यालय पर आकर के हमसे नशे में अभद्रता कर रहे थे।