उद्योग बंधु की बैठक में आई शिकायतों के निस्तारण के लिए सीडीओ ने की अधिकारियों के साथ बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में आई शिकायतों के समाधान के लिए मुख्य विकास अधिकारी रविंद्र कुमार ने मंगलवार को विकास भवन के गांधी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें दुग्ध विकास विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, पर्यटन विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार हुए एमओयू की समीक्षा की। निर्देशित किया आगामी सितंबर तक जीबीसी के लिए इकाईयों से संपर्क करें। उन्हें उद्योग स्थापना में आ रही समस्या का समाधान कराएं। पशुपालन विभाग, नेडा व यूपी सीड़ा ने अवगत कराया कि कई इकाइयों ने भूमि की मांग की जा रही है। भूमि की अनुपलब्धता के दृष्टिगत मुख्य विकास अधिकारी ने उन्हें स्वंय की भूमि पर उद्योग लगाने के लिए निर्देश दिया। इसी प्रकार पशुपालन विभाग के अधिकारी ने बैंक से लोन न मिलने की समस्या बताई। जिसका निराकरण अग्रणी जिला प्रबंधक को करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त उद्योग ने अवगत कराया कि कुल 296 इकाइयों ने विभिन्न विभागों के माध्यम से एमओयू कराया है, जिसमें अभी तक 48 इकाइयों जिसमें 935.91 करोड़ का निवेश है, आगामी जीबीसी के लिए तैयार हो रही हैं, जो सितंबर 2023 तक कार्यरत हो जाएंगी। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी के अतिरिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी, प्रभागीय वन अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक, सेंट्रल बैंक आफ इंडिया, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका, अतिरिक्त सौर ऊर्जा यूपी नेडा व अन्य विभागीय नोडल अधिकारी उपस्थित हुए। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन ने किया।