सलेमपुर (देवरिया)। दिल्ली की भाजपा सरकार में बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री बनाए गए कपिल मिश्र सलेमपुर ब्लॉक के प्यासी गांव के रहने वाले हैं। शपथ ग्रहण के बाद गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने एक-दूसरे की मिठाई खिलाई। प्यासी से तीन पीढ़ी पूर्व कपिल के परिजन चले गए थे। वर्तमान में वह दिल्ली के करावल नगर में रहते हैं। वर्ष 2015 में कपिल इसी सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव जीते थे। 2019 में उन्होंने आप छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। बीजेपी ने इस बार करावल नगर से ही उम्मीदवार बनाया और वह जीत गए। बृहस्पतिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उन्होंने भी कैबिनेट मंत्री का शपथ लिया। इसकी जानकारी होते ही गांव में खुशी का माहौल है। गांव के त्रिभुवन मिश्रा, भाजपा भटनी मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्रा, श्याम नरायण पटेल, बदन यादव, दुर्गेश गौड़, अनिल गोंड, पवन कुमार, लोहा यादव ने कहा कि कपिल मिश्र का पैतृक गांव प्यासी है। उनके पितामह महेश प्रसाद प्यासी के थे।