चार शिक्षकों को बीएसए ने किया बर्खास्त
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। फर्जी प्रमाण पत्रों पर पिछले कई सालों से जिले के परिषदीय स्कूलों में कार्य कर रहे चार शिक्षकों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ लखनऊ की जांच रिपोर्ट एवं सत्यापन के बाद इनके शैैक्षिक अभिलेख कूटरचित ढंग से तैयार किए गए मिले हैं। इन शिक्षकों को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त मौका भी दिया गया था, लेकिन किसी शिक्षक ने अपना स्पष्टीकरण नहीं दिया। बीएसए ने मंगलवार को इन चारों शिक्षक जिसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं, सेवा से बर्खास्त कर दिया। फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर पिछले दो वर्ष में जिले में इसके पूर्व भी 41 शिक्षक सेवा से बर्खास्त किए जा चुके हैं। कई शिक्षकों पर संबंधित थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है।
बीएसए प्रकाश नारायण श्रीवास्तव ने बताया कि विकास खंड देवरिया सदर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चकमाधो मठिया के सहायक अध्यापक दीपक कुमार मिश्र, गौरीबाजार क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सेखुई की सहायक अध्यापक वसुंधरा यादव , विकास खंड बरहज के पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरनौठा के सहायक अध्यापक नरेंद्र कुमार यादव , देवरिया सदर की पूर्व माध्यमिक विद्यालय चक मुंडेरा की सहायक अध्यापक मंजू के फर्जी बीएड प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी हासिल किए जाने की पुष्टि हुई है। बीएसए ने बताया कि संदिग्ध प्रमाण पत्र पाए जाने पर इन चारों शिक्षकों का पहले वेतन रोका गया। इसके बाद इन्हें अपना पक्ष रखने के कई मौके दिए गए। इसके बावजूद यह उपस्थित नहीं हुए तो मंगलवार को इनकी सेवा समाप्त कर दी गई। साथ ही संबंधित बीईओ को अध्यापक सेवा नियमावली एवं विभागीय नियमों के तहत विधिक कार्रवाई के लिए निर्देश दिया गया है।