देवरिया। स्पोर्ट्स स्टेडियम अक्तूबर माह में कुश्ती के बेहतरीन मुकाबलों का गवाह बनेगा। प्रतियोगिता के बेहतर आयोजन के लिए जनपद स्तर पर तैयारियां भी प्रारंभ कर दी गई हैं। प्रदेश के विभिन्न जगहों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था अच्छे से हो, इसके लिए अभी से व्यवस्था बन रही है।
खेल निदेशालय एवं प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से होने वाली जूनियर बालिका स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता की मेजबानी इस बार जनपद करेगा। इसकी तिथि भी निदेशालय की ओर से घोषित कर कर दी गई है। इसके अंतर्गत 13 से 15 अक्तूबर तक प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा। स्टेट प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के अलावा वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स काॅलेज गोरखपुर व अयोध्या छात्रावास की बालिका वर्ग की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में 10 भार वर्ग के 10 खिलाड़ी होंगी। साथ ही उनके साथ इनके प्रशिक्षक भी आएंगे। प्रतियोगिता को बेहतर एवं निर्विवाद तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रदेश भर से कुश्ती के आफिशियल भी जुटेंगे। सत्र 2022-23 में भी जनवरी माह में जनपद सब जूनियर बालिका स्टेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर चुका है।
-
खेल निदेशालय ने 13 से 15 अक्तूबर तक जूनियर स्टेट बालिका देवरिया में कराने का निर्णय लिया है। इसमें 18 मंडलों के अलावा स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर व अयोध्या छात्रावास को मिलाकर कुल 20 टीमें हिस्सा लेंगी। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों व आफिशियल के ठहरने व भोजन की व्यवस्था बेहतर हो, इसके लिए तैयारी की जा रही है।
- राज नारायण प्रसाद, क्रीड़ाधिकारी