गौरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुबारी में एक बेरहम पति ने अपनी पत्नी को कमरे में बंद कर गला दबाकर मार डाला। आखिरी सांस तक चिल्लाती रही पत्नी और दरवाजे के बाहर खड़ी पीआरवी 112 पुलिस दरवाजा तोड़ंने की हिम्मत नहीं जुटा सकी। और तो और ग्रामीणों को भी दरवाजा तोड़ने से मना कर दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पीआरवी को घेर लिया। एक घंटे बाद अतिरिक्त पुलिस फोर्स ने पहुँच कर स्थिति को संभाला।आरोपी को हिरासत में लेकर गौरी बाजार पुलिस थाने पहुंची। हंगामे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर एडिशनल एसपी पहुंचे एवं ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के लोगों ने दरवाजा तोड़ना चाहा लेकिन पुलिस ने उन्हें भी रोक दिया। सोनम की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने 112 नंबर पुलिस को चारों तरफ से घेर लिया। सूचना पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस फोर्स की सहायता से 112 नंबर की पुलिस को वहां से सुरक्षित निकाला जा सका।
मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। इस संबंध में एडिशनल एसपी ने कहा कि आरोपी पुलिस हिरासत में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की जाएगी।