लार के घारी वार्ड में शव मिलने जुटी पुलिस
- फोटो : SALEMPUR
लापता युवक की मिली लाश, हत्या की आशंका
वार्ड में ही अर्द्धनिर्मित कांशीराम आवास के दूसरी मंजिल पर पड़ा था शव
गले में लिपटा था लोहे का तार, आवास से दुर्गंध उठने पर चरवाहों ने देख शव
अमर उजाला ब्यूरो
लार। घर से लापता युवक की लाश कांशीराम शहरी आवास कॉलोनी में मिला। इसकी जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंची पुलिस से घर वालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर के घारी वार्ड निवासी इशहाक अंसारी (40) पांच दिन पूर्व घर से संदिग्ध हाल में लापता हो गया। घर वाले उसकी काफी तलाश किए, लेकिन पता नहीं चल सका। वार्ड में ही घर से कुछ दूरी पर अर्द्धनिर्मित कांशीराम शहरी आवास के पीछे खेत में मवेशी चरा रहे लोगों ने दुर्गंध महसूस होने पर उस ओर गए। दूसरी मंजिल पर युवक की लाश फर्श पर पड़ी थी और गले में तार बंधा था। चरवाहों ने इसकी जानकारी घरवालों को दी। खबर मिलते ही पत्नी मैरुन्निशा और बेटी नगमा पहुंची और रोने लगीं। घरवालों का आरोप है कि इशहाक की साजिश के तहत हत्या की गई है। एसओ विजय सिंह गौर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजहों की पुष्टि होगी।