देवरिया। पिकअप की ठोकर से तीन माह पूर्व घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान बृहस्पतिवार की सुबह गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हो गयी। मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लंगड़ी चौराहे के रहने वाले जगलाल यादव (45) पुत्र केदारनाथ तीन माह पूर्व गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर लंगड़ी चौराहे के समीप टहल रहे थे। इसी दौरान एक पिकअप ने उन्हें ठोकर मार दिया। हादसे में वह गम्भीर रूप से घायल हो गए, परिजन उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कालेज लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें गोरखपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करा रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह इलाज के दौरान जगलाल की मौत हो गयी। जिसके बाद परिजन शव को लेकर घर चले आए और इसकी जानकारी गौरी बाजार पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर मौत की जानकारी होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।