तरकुलवा। डीएम के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी लैबों पर स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नोडल अधिकारी सीएचसी अधीक्षक डाॅ. अमित कुमार ने सीएचसी के डॉक्टरों की टीम व पुलिस बल के साथ नगर पंचायत कस्बा में चल रहे लैबों पर छापे मारे। यहां उन्होंने पांच लैब की जांच की, जिसमें अवैध ढंग से चल रहे दो लैब को सील कर दिया।
नोडल अधिकारी डाॅ. अमित कुमार, न्यू पीएचसी के प्रभारी डाॅ. धनंजय सिंह, डाॅ. आनंद विनय पांडेय, हेल्थ सुपरवाइजर मुन्ना यादव आदि के साथ नगर पंचायत के कनकपुरा मोड़ स्थित पूनम पैथोलॉजी, मेन रोड के हाईटेक पैथोलॉजी, लाइफ पैथोलॉजी, गुप्ता क्लीनिक व शिवम अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच की गई। जांच में पूनम पैथोलॉजी लैब व लाइफ पैथोलॉजी लैब अवैध रूप से संचालित पाए गए। यहां न तो कोई प्रशिक्षित डाक्टर व लैब असिस्टेंट मिले और ना ही कोई मशीन पाई गई। जांच के दौरान लैब पूरी तरह फर्जी पाए गए। जिसके बाद दोनों लैब को सील कर दिया गया। नोडल अधिकारी ने बताया की अवैध रूप से संचालित दो पैथोलॉजी लैबों को सील किया गया है।