तरकुलवा। मां के डांटने पर नाराज घर रहस्यमय ढंग से लापता हुईं दो नाबालिग सगी बहनें पश्चिम बंगाल के सियालदह स्टेशन से बरामद हुई हैं। सूचना पर हल्का एसआई और परिजनों ने वहां पहुंच कर लिखा पढ़ी के बाद रविवार को दोनों को लेकर तरकुलवा पहुंचे। जहां से पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद उनको बाल सुधार गृह भेज दिया। इस मामले में पुलिस ने मां की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया था।
थाना क्षेत्र के महुआपाटन गांव की रहने वाली अनीता पत्नी शाहिद ने 18 अगस्त की शाम को किसी बात को लेकर अपनी बेटी नगमा (15) और उसकी छोटी बहन तमन्ना (11) को डांट दिया था। दोनों बहनें रात में किसी तरह देवरिया सदर रेलवे स्टेशन गईं और वहां से ट्रेन पर बैठकर पश्चिम बंगाल के सियालदाह रेलवे स्टेशन पहुंच गईं। 20 अगस्त को सियालदाह में उन दोनों को सड़क पर लावारिश घूमते देकर उनके हावभाव से वहां की पुलिस को शक हुआ। दोनों से जब पुलिस पूछताछ की तो उनलोगों ने अपना नाम व पता और घर का मोबाइल नंबर बताया। इसके बाद वहां की पुलिस ने घर वालों से बात कर इसकी सूचना दी। इधर, परिजनों ने इसकी सूचना हल्का दारोगा जहीर अब्बास जैदी को दी।
हल्का एसआई ने वहां की पुलिस से संपर्क किया। लोकेशन की जानकारी लेने के बाद वे परिजनों को साथ लेकर शुक्रवार को सियालदाह के लिए रवाना हो गए। वहां पहुंचकर कागजी कार्रवाई के बाद दोनों को लेकर रविवार शाम में तरकुलवा थाने पहुंचे। इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि लापता दोनों किशोरी मिल गई हैं। कल उनका मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।