तरकुलवा। थाना क्षेत्र के नरहरपट्टी गांव में एक दिव्यांग ने दबंग पर अपने खेत का मेड़ तोड़कर अपने खेत में मिलाने और मना करने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पंचायत नरहरपट्टी निवासी सिब्बन कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका खेत गांव के बाहर स्थित है। उनके बगल में एक अनुसूचित जाति का खेत है। आरोप है कि उनके पड़ोसी ने बृहस्पतिवार को दोपहर में उनके खेत का मेड़ काटकर अपने खेत में मिला लिया। जब वे मना करने गए तो उसने गाली-गलौज की और लाठी-डंडे से हमले का प्रयास किया। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।