देवरिया/ भलुअनी। थाना क्षेत्र के पड़री गुराव गांव में मंगलवार रात करीब सात बजे जमकर हुए बवाल और फायरिंग में घायल पूर्व प्रधान और प्रधान पति समेत तीनों भाईयों का मेडिकल काॅलेज देवरिया में इलाज चल रहा है। बुधवार को पुलिस ने तीनों भाईयों का मेडिकल कराया है। हालांकि अभी पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। बताते चलें कि घटना की शाम को ही प्रधानपति हैदराबाद और उनका छोटा भाई कनाडा से घर पहुंचे थे। जबकि परिवार के अधिकांश लोग गोरखपुर में ही कैंसर से पीड़ित बहन की देखरेख कर रहे हैं।
भलुअनी थाना क्षेत्र के पड़री गुराव गांव निवासी पूर्व प्रधान एवं प्रधान पति प्रवीण राव, छोटे भाई संजीत राव और प्रसेनजीत राव मंगलवार रात करीब सात बजे दरवाजे पर बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच पड़ोसी कुछ बाहरी लोगों को लेकर हाथ में लाइसेंसी रायफल और अवैध पिस्तौल लहराते हुए दरवाजे पर आ पहुंचे। अभी वे कुछ समझ पाते तब तक हमलावरों ने दो राउंड हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दिया। इसके बाद लोहे की राड, मुगदर और लाठी-डंडे से तीनों भाईयों पर अंधाधुंध वार करने लगे। सभी चोटिल होकर खून से लथपथ अवस्था में जमीन पर गिर पड़े। घटना के पीछे 12 अगस्त को पड़ोसी से गाली-गलौज होने की बात कही जा रही है। सबसे अधिक चोटें प्रसेनजीत राव को लगी है।
पुलिस ने बुधवार को मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंच तीनों भाईयों का मेडिकल कराया। हालांकि देर शाम तक तहरीर नहीं पड़ी थी। एसओ भलुअनी रामाज्ञा सिंह ने बताया कि सभी घायलों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।