भागलपुर। सरयू नदी में लगातार चौथे दिन भी बढ़त जारी रही। तुर्तीपार रेगुलेटर पर नदी का जलस्तर बुधवार शाम 65 मीटर 27 सेमी दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 97 सेमी ऊपर है। आयोग ने अगले 24 घंटे जल स्तर में कमी होने का पूर्वानुमान लगाया है। जिससे तटवर्ती इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ रही है।
सरयू नदी का तेवर उग्र होता जा रहा है। नदी का पानी तटवर्ती गांवों के निचले इलाकों के घरों में घुसने लगा है। नदी का रौद्र रूप देखकर ग्रामीण दहशत में हैं। क्षेत्र के दर्जनों से अधिक गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार तुर्तीपार रेगुलेटर पर शाम 4 बजे नदी का जलस्तर 65 मीटर 27 सेमी दर्ज किया गया, जो खतरे निशान 64 मीटर 30 सेमी से 97 सेमी ऊपर है।
वहीं मंगलवार को नदी का जलस्तर 65 मीटर 15 सेमी था। 24 घंटे में 12 सेमी की बढ़ोतरी रिकाॅर्ड हुई है। केंद्रीय जल आयोग के जेई प्रकाश ओझा ने बताया कि नदी में प्रति घंटे आधा सेमी की बढ़ोतरी हो रही है। अगले 24 घंटे के दौरान जलस्तर कमी होने का अनुमान है, मीटर पर निगरानी रखी जा रही है। क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवसिया और नरियांव के निचले हिस्से के घरों के चारों ओर पानी भर चुका है तथा देवरहा बाबा आश्रम में पानी घुस चुका है।