देसही देवरिया। हेतिमपुर नगर पंचायत बनने के बाद वहां की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बिजली निगम के प्रस्ताव पर शासन से एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक परियोजना को स्वीकृति मिली। धन जारी होने के बाद इमिलिया विद्युत उपकेंद्र से हेतिमपुर तक अलग पोल लगाकर उस पर 11 हजार की क्षमता के तार भी दौड़ा दिए गए। केवल एक पोल से कनेक्शन नहीं होने की वजह से छह महीने से तैयार इस परियोजना का लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा है।
हालांकि यहां एक विद्युत उपकेंद्र भी अलग से स्वीकृत हुआ है, लेकिन अभी उसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। लोगों ने समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है। हेतिमपुर नगर पंचायत बनने के बाद वहां के लोगों को नगरीय सुविधाएं मुहैया कराने के लिए प्रशासन ने हर संभव कोशिशें तेज कर दी। हेतिमपुर को देसही देवरिया के अलावा कसया से भी सीधे तौर पर बिजली सप्लाई मिलती है। विभाग ने पूरे हेतिमपुर नगर पंचायत के लिए इमिलिया विद्युत उपकेंद्र पर एक अलग फीडर बनाकर बिजली सप्लाई देने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा। शासन स्तर से 1 करोड़ रुपये से अधिक की इस परियोजना को हरी झंडी मिल गई। धन भी जारी हो गया।
देसही देवरिया के इमिलिया से हेतिमपुर देवरिया मोड़ तक मुख्य मार्ग के रास्ते पर अलग पोल लगाकर विभाग ने उस पर 11 हजार की सप्लाई के लिए तार भी लगवा दिया। कसया की तरफ से आने वाले एक पोल से उधर का कनेक्शन काट कर इधर वाले पोल से केवल जोड़ना मात्र बाकी रह गया है। कसया वाले पोल के नीचे जरूरी विद्युत उपकरण ले जाकर रख दिया गया है, लेकिन विभागीय जद्दोजहद की वजह से अभी तक कनेक्शन नहीं किया जा सका।
नगर पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र यादव की पहल पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नगर के लिए एक अलग विद्युत उपकेंद्र की स्वीकृति दिलाई। सारी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। अभी उसका निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है।नगर के लोगों ने समस्या से निजात दिलाए जाने की मांग की है।
कोट
एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इमिलिया से हेतिमपुर को अलग फीडर बनाकर सप्लाई देने लिए अलग पोल लगाकर तार भी दौड़ा दिया गया है। केवल एक पोल से कनेक्शन करना बाकी रह गया है। इमिलिया उपकेंद्र पर पड़े ओवरलोड को देखते हुए कुछ तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। विभागीय उच्चाधिकारी मामले को देख रहे हैं। इनकी तरफ से निर्देश मिलते ही कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा।
-इरफानुल्लाह अंसारी, अवर अभियंता, इमिलिया