रुद्रपुर। नगर में केबिल लगाने के नाम पर बिजली कटौती से लोग बेहाल है। दिन में हर रोज छह से आठ घंटे हो रही बिजली आपूर्ति से लोगों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। नगर में दो माह से चल रहे केबिल कार्य के कारण शट डाउन लेने के बाद आपूर्ति बहाल होते ही लोकल फाल्ट से रात में भी विद्युत ठीक ढंग से नहीं मिल रही। जिसको लेकर लोगों में नाराजगी बनी है। दो दिन से नगर में बिजली आपूर्ति बदहाल पड़ी है।
कस्बा में एक साल पहले 16 वार्ड में पांच वार्डों में केबिल लगाने का कार्य हुआ था। करीब दो माह से बिजली निगम नगर के शेष वार्डों में केबिल लगाने के लिए पोल लगवाने का कार्य कर रहा है। दिन में पोल लगाने के लिए हर दिन पूरे नगर की बिजली आपूर्ति ठप कर दी जाती है। लगातार तीन दिन से बिजली निगम दिन में केबिल लगाने के कार्य की सूचना देकर आपूर्ति बाधित कर दे रहा। उमस भरी गर्मी में बिजली कटने पर लोग बेहाल हो जा रहे। घनी आबादी में बिजली बिना महिला और बच्चे परेशान हो रहे है। बिजली आधारित व्यवसाय चरमरा गई है। व्यापारियों को किराये के जनरेटर से दुकानदारी चलानी पड़ रही। सरकारी दफ्तरों में भी दिन में बिजली नहीं मिलने से कामकाज प्रभावित हो रहा।
तहसील, ब्लाक, कोतवाली, नगर पंचायत, उपडाकघर और ब्लाक संसाधन पर काम कराने जा रहे लोगों को बिजली बिना मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। नगर के जितई प्रसाद वर्मा, शशिकांत जायसवाल, हरेंद्र निगम, देवाशीष पांडेय ने कहा कि केबिल लगाने के नाम पर बिजली कटौती के बाद आपूर्ति बहाल होते ही ओवरलोड से लोकल फाल्ट बढ़ जा रहा। करीब दो माह से नगरवासी बिजली को लेकर झेल रहे है। अधिकारी और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही। इस बाबत अवर अभियंता राजा प्रसाद ने कहा कि केबिल लगाने के कार्य के कारण शट डाउन देना पड़ रहा है। लोकल फाल्ट की सूचना मिलने पर उसे दुरुस्त कराया जा रहा है।