रामपुर कारखाना। डिस्क पंचर के चलते पांडेय चक की बिजली 7 घंटे गुल रही। रात से ही 10 से 12 लाइनमैन डिस्क के चोर पंचर को ढूंढने में लगे हैं। डिस्क पंचर के चलते उपकेंद्र की बिजली आधे घंटे से अधिक होल्ड नहीं हो पा रही है।
रविवार की तड़के डिस्क पंचर होने के चलते पांडेय चक विद्युत उपकेंद्र की बिजली गुल हो गई। इसके चलते रामपुर कारखाना, पांडेय चक और रुस्तमपुर फीडर की आपूर्ति बंद हो गई। रामपुर कारखाना फीडर की आपूर्ति बाधित होने से अशोक और जनता इंटर कॉलेज कर्मचारियों को पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान दिक्कतें झेलनी पड़ी। दोपहर में बिजली बहाल तो हो गई, लेकिन डिस्क का चोर पंचर नहीं मिलने से हर 15 मिनट या आधे घंटे बाद बिजली कटती रही। लाइनमैन शनिवार रात से ही लगातार क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर डिस्क का चोर पंचर ढूंढते रहे, लेकिन रविवार की दोपहर तक चोर पंचर ढूंढ़ा नहीं जा सका। इसके चलते इस उप केंद्र की बिजली आधे घंटे से अधिक होल्ड नहीं हो रही है। जेई मनीष कुमार पांडेय ने कहा कि डिस्क पंचर हुआ है, ढूंढने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं।