तरकुलवा। नगर पंचायत कस्बा स्थित विद्युत उपकेंद्र के सामने कसया-देवरिया मार्ग पर एक बंदर के उत्पात से राहगीर परेशान है। रविवार को उत्पाती बंदर ने बाइक सवार दो युवकों को धक्का दे दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से बंदर को पकड़ने की गुहार लगाई है।
विद्युत उपकेंद्र तरकुलवा के समीप मेन रोड पर एक आतंकी बंदर का उत्पात से लोग दहशत में हैं। आलम यह है कि बंदर आने-जाने वाले बाइक सवारो व राहगीरों को कब धक्का देकर गिरा दें इसका कोई ठिकाना नहीं है। रविवार को कसया थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी संदीप तथा सुरेंद्र एक बाइक से देवरिया जा रहे थे। वह उपकेंद्र के सामने पहुंचे थे कि पेड़ पर से दौड़कर बंदर ने उनको धक्का दे दिया, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग दोनों को गंभीर अवस्था में तरकुलवा सीएचसी पहुंचाया। जहां उनका इलाज चल रहा है। चेयरमैन जनार्दन कुशवाहा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। बहुत जल्द बंदर को पकड़वाकर जंगल में छोड़वा दिया जाएगा।