भाटपार रानी/रामपुर बुजुर्ग। विकास खंड बनकटा के ग्राम कुरमौली में स्वच्छ भारत मिशन योजना अंतर्गत जांचोंपरांत 19 शौचालय के निर्माण में धांधली उजागर हुई है। सीडीओ देवरिया में पत्रांक संख्या 2220/7 पं- स्थापना -3/24 -25 दिनांक 24 -8 -2024 के अनुसार सचिव एवं कुरमौली खंड प्रेरक को पत्र जारी कर एक सप्ताह के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। इससे विकासखंड बनकटा में हड़कंप मचा है।
शिकायतकर्ता अभिषेक प्रसाद ग्राम प्रधान कुरमौली ने शिकायत की थी कि स्वच्छ भारत मिशन योजना अंतर्गत उनके गांव में एक ही परिवार के सदस्यों को बार-बार व्यक्तिगत शौचालय के लिए धन आवंटन तथा एक ही शौचालय का बार-बार फोटो खींचकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। सीडीओ ने शिकायतकर्ता की शिकायत पर जिला पंचायत राज अधिकारी देवरिया से जांच कराई थी। जांच आख्या में दर्शाया गया है कि कुल 68 लाभार्थियों के सापेक्ष 49 लाभार्थी पात्र तथा 19 लाभार्थी अपात्र पाए गए। इन अपात्र लाभार्थियों के खाते में प्रथम किस्त का 114000 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई है। जिसमें सचिव जमील हुसैन एवं खंड प्रेरक बनकटा संयुक्त रूप से दोषी पाए गए हैं। सीडीओ देवरिया ने एक सप्ताह के अंदर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। खंड विकास अधिकारी बनकटा ने बताया है कि उन्हें अभी इसकी जानकारी नहीं है। बीच में छुट्टी थी।