देवरिया। पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर रोडवेज की ओर से लंबी दूरी की सेवाओं पर 22 अगस्त को ही ब्रेक लगा दिया गया था। इसके बाद दिल्ली, कानपुर व लखनऊ रूट पर कोई बस नहीं जा रही थी। शनिवार को परीक्षा समाप्त होने के बाद द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों को मऊ, बलिया, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर जिलों में छोड़कर रविवार की दोपहर तक बसें आ जाएंगी। ऐसे में सोमवार से दिल्ली, कानपुर व लखनऊ रूट पर संचालन व्यवस्था पूर्ववत होने की संभावना जताई जा रही है।
देवरिया डिपो में निगम की 73 एवं अनुबंधित 127 बसें संचालित की जाती हैं। प्रतिदिन यहां से दिल्ली के लिए तीन, लखनऊ के लिए चार व कानपुर के लिए आठ बसें जाती हैं। इधर 22 अगस्त से ही शासन के निर्देश पर निगम ने लंबी दूरी पर चलने वाली सारी बसों को परीक्षार्थियों के लिए लगा दिया है। यह बसें परीक्षा के लिए पहले दिन से ही मऊ, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, बलिया के अभ्यर्थियों को लेकर आईं और परीक्षा समाप्त होने के बाद उन्हें इन जिलों तक छोड़ने भी गईं।
यह प्रक्रिया 22, 23, 24, 25 व 30 और 31 अगस्त को चली। मुख्यालय के आदेश के बाद परीक्षा स्पेशल बसों में अभ्यर्थियों को निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई, इससे उन्हें सहूलियत भी हुई, लेकिन दिल्ली, लखनऊ, कानपुर जाने वाले यात्रियों की परेशानी इन दिनों में बढ़ी रही। उनके पास मात्र ट्रेनों या निजी बसों का सहारा रहा या वह जगह-जगह बस बदलकर अपनी यात्रा पूरी किए।
कोट
यह व्यवस्था 22 से 31 अगस्त तक के लिए बनाई गई थी। शनिवार की अंतिम दिन के द्वितीय पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद निर्धारित जिलों में अभ्यर्थियों को लेकर बसें रवाना हो गईं। वह रविवार की सुबह या दोपहर तक आ जाएंगी। दो सितंबर से संचालन व्यवस्था पूर्ववत हो जाएगी।
-मो. इरफान, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक