सलेमपुर। सलेमपुर क्षेत्र के जर्जर सड़कों के निर्माण में हो रही देरी से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पर जाकर एसडीएम दिशा श्रीवास्तव को अपने मांगों से संबंधित पत्रक सौंपा। पत्र में चेतावनी दिया है कि अगर 24 अगस्त तक राजीवनगर से महुआबारी तक की जर्जर सड़क को ठीक नहीं किया गया तो राजीवनगर तिराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ता धरना देंगे।
इस दौरान अल्पसंख्यक कांग्रेस के प्रदेश सचिव बदरे आलम ने कहा कि 1 अगस्त को मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक एसडीएम के माध्यम से दिया गया था लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नही हुआ। अब हम लोग मजबूरी में आंदोलन करने को बाध्य हैं। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष दीनदयाल प्रसाद ने कहा कि पूरे क्षेत्र की अधिकांश सड़के टूट गई हैं। सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। रोज राहगीर असमय काल कलवित हो रहे हैं। ब्लॉक अध्यक्ष भागलपुर प्रेमलाल भारती ने कहा कि भाजपा को जन समस्याओं से कोई लेना देना नही है। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गोविंद मिश्र ने कहा कि जनता अब इस सरकार से आजिज आ गई है, अब इसको बदलना ही आवश्यक है।ज्ञापन सौंपने वालों में रामबड़ाई प्रसाद, याहिया अंजुम, जमशेद आलम, सुच्चन खान, दिनेश एमरान अहमद, मकसूद अहमद, रामनाथ यादव, प्रमोद श्रीवास्तव, मोहम्मद हफीज, नुरुल हसन, इस्लाम खान, केदारनाथ, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।