देवरिया/बरियारपुर। जिले के एक गांव निवासी युवक ने अपनी बहन के प्रेेम विवाह के फैसले से आहत होकर कीटनाशक पी लिया। इस दौरान पुलिस उसकी बहन को थाने में समझा-बुझा रही थी। कुछ ही देर में थानाध्यक्ष को युवक की करतूत का पता चला तो उन्होंने युवक को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया। जहां युवक की हालत खतरे के बाहर है।
जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती का पास के गांव के एक युवक से प्रेम संबंध है। युवती उसी युवक से ही शादी करना चाहती है। घरवालों के विरोध के बाद भी युवती अपने प्रेमी से शादी करने पर आमादा है। मंगलवार को युवती बरियारपुर थाना पहुंची और थानाध्यक्ष से परिजनों के विरोध करने की बात बताई। इसी बीच युवती के निर्णय से आहत उसके भाई ने बाजार से कीटनाशक खरीदकर पी लिया और थाना पहुंच गया। पूछताछ के दौरान जैसे ही थानाध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमार को युवक के कीटनाशक पीने की बात पता चली, उन्होंने बिना समय गंवाए युवक को देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया। जहां डाक्टर इलाज में जुट गए। युवक की हालत अब खतरे से बाहर है। सूचना पर पहुंचे सीओ दीपक शुक्ला ने भी घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि युवती अपने प्रेमी संग शादी करने की जिद कर रही है। युवक उपचार चल रहा है।