गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग पर पोखरभिंडा गांव के पास शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे गैस सिलिंडर लदे पिकअप ने दो बाइकों में टक्कर मार दी, जिसमें तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। भागते समय पिकअप ने पैदल जा रहे तीन अन्य युवकों को भी कुचल दिया। इसके बाद चालक पिकअप छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पिकअप को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, पोखरभिंडा निवासी गोलू उर्फ रत्नेश (23) पुत्र जयराम अपने एक रिश्तेदार राजू के साथ गौरीबाजार जा रला था। रात करीब साढ़े नौ बजे लंगड़ी चौराहे के समीप विपरीत दिशा से आ रहे गैस सिलिंडर लदे पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में रत्नेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद भागने की कोशिश में पिकअप चालक ने सामने एक और बाइक में ठोकर मार दी, जिससे उस पर सवार तरकुलवा थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव निवासी दिलीप (28) व साहिल (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।
इसके बाद भी पिकअप चालक रुका नहीं और भागने की कोशिश में सामने सड़क पर पैदल जा रहे तीन और युवकों को रौंद दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। इसके बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारण दो घंटे तक जाम लगा रहा।