राजस्थान की एक कंपनी में चार करोड़ के गबन के मामले में चल रही जांच के दायरे में आई विधवा मनरेगा मजदूर बंजरिया गांव की मुधनी देवी के बैंक खाते के बारे में कई नए तथ्य सामने आए हैं। बुधवार को बैंक प्रबंधन ने खाते के बारे में सारी जानकारी राजस्थान पुलिस और अपने हेड ऑफिस मुंबई भेज दी। बैंक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
सूत्रों के अनुसार, मुधनी देवी के खाते में अभी पांच लाख रुपये हैं और ये रुपये बीते करीब साल भर में कई किस्ताें में उसके खाते में आए हैं। अनुमान जताया जा रहा है कि ये रकम शायद बीते दो साल से सऊदी अरब में काम करने वाले उसके बेटे ने भेजे होंगे। वहीं राजस्थान पुलिस का मानना है कि ये रकम ठगी की ही है। इस बीच यह भी सूचना मिली है कि मुधनी के खाते से बीते दिनों एक बड़ी रकम निकाली गई है। वह रकम किसने और क्याें निकाली यह जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।
बताते चलें कि राजस्थान के जोधपुर स्थित एक कंपनी में चार करोड़ रुपये की जालसाजी हुई। अमेरिका में रहने वाले कंपनी के मालिक को इसका पता चला तो उन्होंने राजस्थान के जोधपुर थाने में कंपनी के मैनेजर पर हेराफेरी करने का केस दर्ज कराया। उसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक मैनेजर ने रुपयों की हेराफेरी कर अलग-अलग प्रदेशों में रहनेवाले 15 से 20 लोगों के खातों में भेजी है। उनमें खुखुंदू थाना क्षेत्र के बंजरिया गांव निवासी विधवा महिला मुधनी देवी का भी नाम आया। इस पर चार दिन पूर्व वहां की पुलिस ने बंजरिया गांव पहुंच तहकीकात शुरू की। राजस्थान पुलिस मुधनी देवी से पूछताछ कर उसी दिन वापस लौट गई। हालांकि स्थानीय पुलिस गोपनीय तरीके से मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस के मुताबिक मुधनी के बैंक खाते में वर्तमान में करीब पांच लाख रुपये है, जो विदेश से रुपये आया हुआ है। साइबर सेल की मदद से पता करने का प्रयास किया जा रहा है कि रुपये कब कहां से आए।
उधर, गांव में हो रही चर्चाओं पर गौर करें तो मुधनी देवी के परिवार के कुछ बेहद करीबी भी बाहर काम के सिलसिले में रहते हैं। ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि कहीं उनमें से तो कोई नहीं है, जिसने मुधनी के खाते का इस्तेमाल किया है। फिलहाल इसका पता जांच के बाद ही चलेगा।