देवरिया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष व जनपद न्यायाधीश देवेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी की ओर से पुरवा मेहड़ा स्थित वृद्धा आश्रम में वृद्धजनों के हितों के संरक्षण के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि बुजुर्ग नहीं वरदान हैं, उन्हें उचित सम्मान मिले, यह हर किसी की जिम्मेदारी होनी चाहिए। हमें अपनों के बीच हंसते-मुस्कुराते हुए उन्हें जिंदगी के बाकी दिन गुजारने देना चाहिए। बुजुर्गों के अनुभव से आप अपने प्रगति के मार्ग को प्रशस्त कर सकते हैं। वृद्धा आश्रम में न्यायाधीश ने संवासियों से मुलाकात कर उनके खाने-पीने और रहन-सहन के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान सचिव व अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने रमाकांत, बैजनाथ, तेतरी देवी, लक्ष्मीपाल, रामेश्वर, बसंती, रमावती व अन्य वृद्धों की समस्याओं को सुना तथा निस्तारण के लिए निर्देश दिया।
कार्यक्रम में सिविल जज (जेडी) नवनीत कुमार सिंह, सिविल जज (जेडी) आदित्य नाथ शर्मा, वृद्धा आश्रम के प्रबंधक विजय कुमार शुक्ल आदि मौजूद रहे।