तरकुलवा। सड़क हादसे में एक दिव्यांग की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। लावारिस हालत में उसका शव सड़क के किनारे गड्ढे में रातभर पड़ा मिला। इधर देर रात होने पर जब वह घर नहीं लौटे तो परिजन खोज में जुट गए। इसी बीच सुबह उनका शव गड्ढे में मिलने की सूचना मिली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया।
थाना क्षेत्र के बाजाराटार महुअवा गांव निवासी संजय प्रसाद (34) पुत्र राम पुजारी दिव्यांग थे। वह बुधवार देर शाम अपनी ट्राई साइकिल से गढ़रामपुर बाजार करने गए थे, घर लौटते समय गढ़रामपुर-कोंहवलिया बाबूराय मार्ग पर परती द्वार गांव के सामने किसी अज्ञात वाहन ने उनको ठोकर मार दिया था। जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। देर रात जब वह अपने घर नहीं पहुंचे तो परिजन उनकी तलाश करने लगे। इस बीच सुबह उनका शव गड्ढे में मिला। आशंका व्यक्त की जा रही है कि किसी वाहन ने ठोकर मार दिया था। इसकी सूचना मिलने पर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि दिव्यांग युवक की मार्ग दुर्घटना मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पूरी रात जग कर संजय के आने का इंतजार करते रहे परिजन
दिव्यांग संजय के घर आने का इंतजार परिजन पूरी रात करते रहे। मां अपने लाल के लिए रात पर रोती रही। लेकिन, सुबह गड्ढे में उसके शव के होने की सूचना से सब सन्न रह गए। मां का चीख-चीखकर बुरा हाल था। थाना क्षेत्र के महुअवा बजराटार गांव के राम पुजारी के परिवार की माली हालत बेहद खराब है। उनके दो बेटे संजय व अजय हैं, जिनमें से संजय दिव्यांग था। कमर के नीचे उसका कोई अंग काम नहीं करते थे। दरअसल, पांच साल पहले वह नहर के पुल से नीचे गिर गया था और उसके कमर की हड्डी टूट गई थी।
तब से वह दिव्यांग हो गया। उसका भाई अजय इधर-उधर मजदूरी कर के परिवार का भरण पोषण करता है। बुधवार की शाम को संजय ट्राई साइकिल से बाजार गया और लौटकर घर नहीं आया। परिजन देर शाम से ही उसकी तलाश कर रहे थे। पूरी रात परिजनों ने उसकी तलाश की। अपने सभी रिश्तेदारियों में पूछताछ की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सुबह संजय की जगह उसकी लाश आई तो वह दहाड़ मारकर रोने लगीं।