गौरी बाजार। गोरखपुर-देवरिया मुख्य मार्ग स्थित खरोह चौराहे के पास तेज रफ्तार अनुबंध बस ने साइकिल सवार को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। रफ्तार इतनी तेज थी कि सिर धड़ से अलग हो गया। बस लेकर भाग रहे चालक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम करमाजितपुर निवासी रामप्रीत निषाद (48) पुत्र रामधनी निषाद सोमवार को घर से गौरी बाजार जाने के लिए साइकिल से निकले। दोपहर करीब एक बजे वह खरोह चौराहा पास कर रहे थे कि इसी बीच गोरखपुर की ओर से देवरिया जा रही तेज रफ्तार अनुबंधित बस की चपेट में आ गए। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि साइकिल सवार का सिर धड़ से अलग हो गया और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चालक बस लेकर भागने लगा। यह देख स्थानीय लोगों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए बस को कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में चीत्कार मच गई। मृतक का एक ही पुत्र किशन है, जो बाहर रहकर काम करता है। जबकि पत्नी का रो-रोकर बुरा है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि बस को सीज कर दिया गया है। चालक के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
दुर्घटना को लेकर लोगों में रोष
मार्ग दुर्घटना में अधेड़ की दर्दनाक मौत को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि बस की रफ्तार तेज नहीं होती तो इतना भीषण दुर्घटना नहीं होता। अनुबंधित बस चालक एक, दूसरे से पहले पहुंचकर सवारी भरने के चक्कर में गति पर नियंत्रण खो दे रहे हैं और अक्सर ऐसी घटनाएं हो रही हैं। ग्राम प्रधान सोनेलाल, पूर्व प्रधान महेंद्र निषाद, विजय बहादुर निषाद सहित ग्राम करमाजितपुर के ग्राम प्रधान अशोक निषाद ने खरोह चौराहे पर ब्रेकर बनाने एवं अनुबंधित बसों के स्पीड पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।