देवरिया। जिले के 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्ती के बीच शनिवार को दो पालियों में पुलिस भर्ती परीक्षा संपन्न हुई। प्रवेश द्वार पर ही पूरी जांच परख के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्षाओं में जाने दिया गया। अंतिम दिन की परीक्षा में विभिन्न जिलों से आए कुल 8544 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे, इनमें से 6662 ने परीक्षा दी जबकि 1882 अनुपस्थित रहे। बीआरडी इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि गणित व रीजनिंंग के सवाल कठिन व उलझाऊ रहे।
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती परीक्षा-2023 को लेकर जिला प्रशासन की ओर से अंतिम दिन भी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात रही। शनिवार की परीक्षा को लेकर और सख्ती बरती गई। परीक्षा के दौरान जिले के अधिकारी भी लगातार सक्रिय बने रहे। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं एसपी संकल्प शर्मा ने परीक्षा के दौरान दीनानाथ पांडेय राजकीय महिला पीजी कॉलेज तथा बाबा राघव दास इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा संपन्न हो रही है, जिससे कि नकल विहीन और शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा संपन्न कराई जा सके। सुरक्षा के मद्देनजर सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई थी। परीक्षा पर नजर रखने के लिए जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई थी। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम आदि का अवलोकन कर जायजा लिया।
प्रथम पाली में 3,285 तथा द्वितीय में 3377 अभ्यर्थी हुए शामिल
एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव एवं परीक्षा संचालन के जिला प्रबंधक रहे संत विनोबा पीजी कॉलेज के डॉ. विवेक मिश्र ने शनिवार को बताया कि जनपद में परीक्षा को पूरी तरह शुचितापूर्ण, नकल विहीन व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया है। शनिवार को प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 4272 अभ्यर्थियों में 3285 उपस्थित तथा 987 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली की परीक्षा में 4272 अभ्यर्थियों में से 3377 उपस्थित तथा 895 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
स्पीकअप
-
सबसे अधिक कठिन गणित के सवाल लगे। गणित की अपेक्षा रीजनिंग व करेंट अफेयर्स के सवाल आसान लगे।
-पुष्पेंद्र यादव, बस्ती
कोट
गणित के सवाल कठिन रहे, रीजनिंग सही था। हिंदी व करेंट अफेयर्स के सवाल घुमाकर पूछे गए थे। ऐसे में इन्हें हल करने में समय लगा।
-इंद्रजीत चौधरी, कप्तानगंज
-
गणित के सवाल तो कुछ बेहतर रहे लेकिन रीजनिंग कठिन लगा। ताजा घटनाक्रम से जुड़े सवाल भी सही थे। कुछ सवाल समझ में ही नहीं आए तो छोड़ देना उचित लगा।
-नासरीन, गोरखपुर
रीजनिंग, हिंदी व करेंट अफेयर्स के सवाल ठीक रहे। गणित के कुछ सवाल घुमाकर पूछे गए थे, ऐसे में समझ में ही नहीं आए तो छोड़ दिया।
- रंजू यादव, बरगदवा