देवरिया। राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड वर्ष 2015 से सूक्ष्म और लघु उद्योग लगाने में लोगों एवं प्रशिक्षुओं की मदद कर रहा है। युवा उद्यम लगा कर लाखों की कमाई रहे हैं। यहां प्रशिक्षण से सीखकर युवाओं में लड़कियां भी पीछे नहीं हैं। लोन लेकर बुटीक और ब्यूटी पार्लर खोल कर खुद कमा रही हैं और महिलाओं को रोजगार भी दे रहीं हैं। कुछ युवा इंडस्ट्री सेटअप करके अच्छी कमाई कर रहे हैं।
मंडी समिति मोड़ के पास स्थित भारत सरकार के उपक्रम राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लि. एवं लाइवलिहुड बिजनेस इनक्यूबेटर युवाओं को विभिन्न रोजगार प्रशिक्षण के साथ ही उद्योग खड़ा करने में उपयोगी मदद देकर इन्हें आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रहा है। यहां के कोर्स में कटाई व सिलाई, कंप्यूटर हार्डवेयर, मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिशियन, सीसीटीवी इंस्टालेशन टेक्निशियन, फोटो व वीडियोग्राफी, एसी रिपेयर एवं सर्विसिंग, डेटा इंट्री आपरेटर, एकाउंट विद टैली, ब्यूटीशियन, सोलर लाइटिंग, सोलर एलईडी, पलंबर का प्रशिक्षण निशुल्क दिया जा रहा है। इसके अलावा ब्रेड, बिस्कुट एवं बेकरी प्लांट, स्पाइस ग्राइडिंग प्लांट, लिक्विड एवं ग्रेनुअल पैकेजिंग प्लांट, वैक्स कैंडल मेकिंग प्लांट, पेपर नैपकिन प्लांट, वाटर फिल्टरेशन, आइसक्रीम कोन मेकिंग प्लांट, सोया मिल्क एंड टोफू मेकिंग प्लांट लगाने के लिए भी बकायदा प्रशिक्षण एवं मशीन खरीदने में जरूरी सहायता व लोन के लिए कहां आवेदन करें, इसकी जानकारी दी जा रही है। परेशानी आने पर स्वयं यहां के जिम्मेदार बाधाओं को दूर करने में मदद करते हैं। इसी का परिणाम है कि आज यहां से सीखकर निकले युवा अपने पैरों पर खड़े होकर दूसरों को भी रोजगार दे रहे हैं।
-
युवा उद्यमी बोले-
70 से 80 लाख रुपये की एक्सट्रूडर मशीन लगाकर नया प्लांट शुरू किया है। यहां पर छत पर लगाने वाली कंडयूट पाइप, केसिंग पट्टी, दीवाल की पाइप आदि तैयार किए जा रहे हैं। कच्चे माल में पीवीसी, रैजीन, कैल्शियम कार्बोनेट, डीओपी, कैल्शियम स्टेराइट, वैक्स मोम व अन्य केमिकल कंपाउंड लगता है। इसके लिए बकायदा तीन माह का प्रशिक्षण राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लि. से प्राप्त किया और बाजार का रिसर्च कर बिजलीवाला नाम से इसकी शुरुआत की है। 80 से 120 किलो प्रति घंटे पाइप निकल रही है।
-अभिषेक सिंह, युवा उद्यमी
दिल्ली से सीओटू लेजर कटिंग मशीन साढ़े तीन लाख में लेकर आए। साथ ही टीशर्ट प्रिटिंग मशीन भी लिया है। आगामी त्योहारों के लिए टीशर्ट पेंटिंग के आर्डर के अलावा गणेश उत्सव, दशहरा, दीपावली के पर्व के लिए भी आने लगे हैं। इसके अलावा गिफ्ट आइटम भी तैयार किया जा रहा है। मांग आने से काम में भी मन लग रहा है।
-ऋषभ शर्मा, युवा उद्यमी
-
खुखुंदू में पहले से छोटा सा पार्लर था। देवरिया स्थित सेंटर से थ्रिडिंग, फेशियल, कटिंग, दुल्हन की तैयारी आदि सीखा और इसी साल सेटअप लगाकर पार्लर की शुरुआत की है। लगन में एक बुकिंग पर पांच हजार तक मिल जाते हैं। इससे जीवन स्तर भी पहले से बेहतर हुआ है।
-रीना गौड़, अनन्या ब्यूटी पार्लर खुखुंदू की संचालिका
कोट
भारत सरकार के उपक्रम राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड एवं लाइवलिहुड बिजनेस इन्क्यूबेटर की ओर से विभिन्न रोजगारमुखी कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। यहां से सीखकर निकले युवाओं को अपना खुद का उद्यम लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है। साथ ही लोन दिलाने में भी उनकी मदद की जाती है। कुछ युवा उद्यमियों के साहस व काम करने के उत्साह को देखते हुए उद्यम लगाने के लिए प्रेरित किया गया और आज वह बेहतर कार्य कर रहे हैं। इस कार्य में सीडीओ का भी विशेष सहयोग मिल रहा है। जल्द ही सेनेटरी नैपकिन एवं गारमेंट्स मैनुफैक्चरिंग, स्ट्रीचिंग की भी इकाइयां शुरू की जाएगी।
-कुमार रोहित, उपप्रबंधक राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लि.