देवरिया। आपदा तैयारी एवं प्रतिक्रिया को प्रभावी बनाएं जाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से युवा आपदा मित्र परियोजना के तहत एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र संगठन एवं भारत स्काउट एंड गाइड के स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित किया जाना है। इसके से आवेदन एक सितंबर तक किए जा सकते हैं।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि इस परियोजना के तहत विभिन्न संगठनों से युवाओं के चयन के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से निर्धारित अनिवार्य योग्यता मानक अर्हताएं निर्धारित की गई हैं। बताया कि आवेदक जिले का निवासी हो। आवेदक की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच हो। आवेदक एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र संगठन एवं भारत स्काउट एंड गाइड के संगठनों से तालुक रखता हो।
आवेदक न्यूनतम 7वीं कक्षा उत्तीर्ण, शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ होने चाहिए। प्रशिक्षण के लिए इच्छुक युवा अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में भरकर एक सितंबर की शाम चार बजे तक रामलीला मैदान स्थित नेहरू युवा केंद्र कार्यालय में जमा कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूर्ण कराने के लिए राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक देवव्रत पांडेय व राहुल मल्ल को जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत प्रदेश के कुल 25 जनपदों से कुल 29,772 युवा स्वयंसेवकों को आपदा तैयारी एवं प्रतिक्रिया के क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जाएगा।
वहीं जिले से एनसीसी के 500, एनएसएस के 250, नेहरू युवा केंद्र संगठन से 250 एवं भारत स्काउट एंड गाइड से 300 स्वयंसेवकों को युवा आपदा मित्र परियोजना के तहत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण नि:शुल्क होगा।