खुखुंदू। थाना क्षेत्र के सझवलिया गांव में बुधवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोरी करंट की चपेट में आ गई। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 12वीं कक्षा की छात्रा कोचिंग सेंटर जाने के लिए ड्रेस प्रेस कर रही थी, तब तक शाॅर्ट सर्किट होने से हादसे का शिकार हो गई। हालांकि परिजन जिंदा होने की आशंका पर छात्रा को लेकर खुखुंदू फिर मेडिकल कॉलेज देवरिया गए। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के सझवलिया गांव निवासी अभिनंदन यादव की दो संतानों में मंशा कुमारी (17) दूसरे नंबर की बेटी थी। जबकि बड़ा बेटा मन्नू यादव बंगलुरू में रहकर बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। पिता हैदराबाद में रहकर नौकरी करते हैं। बेटी मंशा पढ़ने में बहुत होनहार थी। वह शिवाजी इंटर कॉलेज खुखुंदू में इस साल 12वीं कक्षा में साइंस से पढ़ाई कर रही थी। इसके अलावा कोचिंग क्लास भी करती थी। घर पर मां ऊषा देवी और मंशा ही रहती थी। बुधवार को कोचिंग क्लास जाने के लिए सुबह 6 बजे कपड़ा प्रेस करने लगी। तब तक शाॅर्ट सर्किट हो गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बगल में मौजूद मां ऊषा देवी जोर से चीखने-चिल्लाने लगी। आनन-फानन में छात्रा को लेकर खुखुंदू अस्पताल पहुंचा गया। जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि फिर भी परिजन मेडिकल कॉलेज देवरिया ले गए। उधर, घटना के बाद हैदराबाद रह रहे पिता अभिनंदन यादव गांव के लिए चल दिए।
-
इनसेट....
मंशा इंटर पास कर बी-फार्मा की पढ़ाई के लिए थी इच्छुक
मंशा यादव पढ़ने में पूरे गांव भर में सबसे होनहार लड़की थी। घर पर मां ऊषा देवी का सहयोग करने के बाद भी वह पढ़ाई बड़ा मन लगाकर करती थी। बड़ा भाई मन्नू यादव बंगलुरू में बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा है। मंशा की भी दिली इच्छा थी इंटर के बाद वह बी-फार्मा करें। इसके लिए वह दिन-रात बड़ी मेहनत करती थी। नियमित कालेज और कोचिंग क्लास जाना उसकी आदत बन गई थी। गांव वालों का कहना है कि मंशा जितनी पढ़ने में तेज थी, उतनी ही लोकप्रिय भी थी। उसके सरल स्वभाव को याद कर सबके आंखें नम हो जा रही थी।
-
इनसेट...
बंगलूरु में बाढ़ में घिरा है भाई
मंशा का बड़ा भाई और घर का इकलौता चिराग मन्नू यादव बंगलुरू में बाढ़ में घिरे हुए हैं। जिसके चलते वह तीसरी मंजिल पर कई दिनों से ठहरे हैं। तीन दिन पहले इसकी खबर मिलने के बाद परिजन बहुत ही चिंतित थे। हालांकि मन्नू ने मां और बहन को सब्र दिलाया कि मैं ठीक हूं। तब तक इधर बहन हादसे का शिकार हो गई।