शहर के चीनी मिल मैदान में चार फरवरी से चल रहा था देवरिया महोत्सव
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। शहर के चीनी मिल मैदान में चार फरवरी से चल रहे देवरिया महोत्सव का सोमवार को समापन हुआ। अंतिम दिन जनपद के प्रभारी मंत्री और परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल रहे। उन्होंने पूर्जन-अर्चन के साथ समापन कराया।
प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि चार फरवरी को प्रारंभ हुआ देवरिया महोत्सव 12 फरवरी को पूरे वैदिक रीति-रिवाजों, मंत्रोच्चारण व हवन के साथ संपन्न हुआ। इस महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को अवसर मिला। साथ ही राष्ट्रीय स्तर के भी कलाकार प्रतिदिन यहां आते रहे। यहां के लोगों का मनोरंजन भी हुआ। प्रदेश व केंद्र सरकार की विकास की योजनाओं के बारे में इस महोत्सव में बताया गया।
उन्होंने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को बधाई देते हुए कहा कि 11 फरवरी को महोत्सव में राम दरबार कार्यक्रम एवं समापन के अवसर पर प्रभारी मंत्री के रूप में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक संध्या में कैलाश खेर, अक्षरा सिंह, अनामिका अंबर सहित देश के प्रसिद्ध कलाकारों ने अपने गीतों और कविताओं से लोगों का मनोरंजन किया। स्थानीय कलाकारों ने भी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में डीएम अखंड प्रताप सिंह ने कहा कि सबके सहयोग से इस भव्य आयोजन को सफल रूप दिया गया है। पूजन कार्य आचार्य घनश्यामानंद ओझा के नेतृत्व में नर्वदेश्वर पांडेय, ज्योतिषाचार्य शंख बाबा, विकास कुमार पांडेय सहित विद्वान ब्राह्मणों ने संपन्न किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा, एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, किच्छा (उत्तराखंड) के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, भाजपा नेता जितेंद्र राव, एआरटीओ आशुतोष शुक्ला, बीएसए शालिनी श्रीवास्तव सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।