घटनास्थल पर जांच करते पुलिस अधिकारी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी- भरथुआ सड़क मार्ग पर साहोपार गांव के पास सोमवार की शाम को पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतक गोरखपुर के बशारतपुर का रहने वाला था। वह अपनी बहन से मिलने भिंगारी बाजार जा रहा था। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने मृतक के भाई को फोन कर सूचना दी।
गोरखपुर जनपद के गड़ेरिया टोला (बशारतपुर) थाना शाहपुर निवासी भागवत पाल (30) उड़ीसा में स्टील फैक्टी में काम करता था। जबकि उसका बड़ा भाई रामप्रीत पाल गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता है। कोरोना संक्रमण के दौरान में नौकरी चले जाने के बाद भागवत गोरखपुर में रहकर छोटा-मोटा काम करता था।
सोमवार को भागवत अपनी बहन से मिलने बाइक से भिंगारी बाजार के पास मायापुर गांव के लिए निकला था। अभी वह भटनी क्षेत्र के साहोपार बाईपास पर पहुंचा था कि तेज रफ्तार पिकअप ने उसे रौंद दिया। घटना के बाद जबतक आसपास के लोग जुटते आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पास से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान की।
पुलिस ने युवक के मोबाइल से नंबर लेकर उसके भाई रामप्रीत को घटना की सूचना दी। गुजरात में नौकरी कर रहे बड़े भाई रामप्रीत ने बताया कि पिता और मां की मौत के बाद भागवत ही घर संभाल रहा था। भागवत के दो संतानों में एक बेटी और एक बेटा है। एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पिकअप की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हुई है। परिवारीजनों को सूचना देने के बाद आरोपी पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।