आयुष्मान कार्ड बनाने में देवरिया का प्रदेश में छठा स्थान
देवरिया। अंत्योदय राशन कार्डधारक परिवारों को पांच लाख का चिकित्सकीय लाभ देने के लिए जनपद में अभियान चलाकर जन सेवा केंद्रों तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात आयुष्मान मित्रों के माध्यम से कैंप लगाकर कुल 105186 परिवारों के 21798 आयुष्मान कार्ड बनवा लिए गए हैं। आयुष्मान कार्ड बनाने में जनपद का प्रदेश में छठां स्थान है। मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि शेष अन्य लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए सभी ग्राम पंचायतो के प्रधान तथा राशन कोटेदारों को अपने नजदीकी जन सेवा केंद्रों तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के आयुष्मान मित्रों को गांव में ही कैंप लगाकर आयुष्मानकार्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सभी ग्राम पंचायतो में जनसेवा केंद्रो के माध्यम से कैंप लगाकर लाभार्थियों के निशुल्क आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। लाभार्थियों को कैंप स्थलों पर ले जाने के लिए आशा व आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। लाभार्थी जरूरी डाक्यूमेंट राशन कार्ड, आधार कार्ड, प्रधानमंत्री पत्र/मुख्यमंत्री पत्र लेकर नियत समय पर कैंप वाले स्थान पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के चयनित सदस्यो का आनलाइन रजिस्ट्रेशन कराएं।