फर्जी ढंग से अस्पताल चलाने वाली महिला पर केस
एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। फर्जी ढंग से अस्पताल चलाने वाली एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और इंडियन मेडिकल कौंसिल एक्ट की धारा में केस दर्ज किया गया है। सदर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद की तहरीर पर की है। एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 17 जनवरी की दोपहर बाद रामनाथ देवरिया के शहीद गेट के अंदर लक्ष्मी मेडिकेयर सेंटर पर छापा मारा। इस दौरान भुजौली कॉलोनी की रहने वाली एक मरीज अंबिका यादव मिली थीं। विजय लक्ष्मी बिना योग्यता के उपचार कर रही थी। क्योंकि मांगने पर उन्होंने योग्यता से संबंधित कोई प्रमाण-पत्र नहीं दिया। यही नहीं, अस्पताल का भी रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया था। 23 जनवरी को उन्होंने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की बात कही। तहरीर के आधार पर शुक्रवार को सदर कोतवाली पुलिस ने विजय लक्ष्मी के खिलाफ केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है।