बाइक से गिरकर महिला की मौत
बघौचघाट। बच्चे को उपचार के लिए लेकर जा रही महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई। घटना मंगलवार की देर शाम धुस देवरिया चौराहे की है। महिला की मौत से घर में कोहराम मच गया है। बघौचघाट थानाक्षेत्र के टोला अमरपुर निवासी कमलेश यादव की पत्नी छठ्ठी देवी (35) अपने चार माह के बच्चे मंगरु का दवा कराने कंचनपुर अपने भांजे अखिलेश यादव के साथ बाइक से जा रही थी। धुस देवरिया चौराहे के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई। पीछे बैठी महिला बाइक से गिर गई। उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने आनन-फानन में पथरदेवा पीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज ले जाते समय महिला की मौत हो गई। बताया जाता है कि छठ्ठी देवी के दो बालक प्रियांशु, सिंटू और तीन बेटियां नीतू, नव्या व मनीष हैं। मां की मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल है।