चार बदमाशों पर केस दर्ज, एक हिरासत में
अकटही बाजार में बीयर की दुकान पर हुई थी लूट
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। बीयर की दुकान पर गुरुवार की रात हुई लूट की घटना में पुलिस ने चार बदमाशों पर केस दर्ज किया है। एक आरोपी को पुलिस ने घटना की रात ही हिरासत में ले लिया। दो दिन बीतने के बाद भी तीन आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। बनकटा क्षेत्र के अकटहीं बाजार में बदमाशों ने गुरुवार की रात्रि मनीष यादव निवासी ग्राम छपिया मिश्र, थाना खामपार की बीयर की दुकान में फायरिंग करते हुए 74200 कैश निकाल कर भाग गए। एक बदमाश भोला निवासी ग्राम खड़ेसर थाना भाटपाररानी को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसके निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य बदमाशों पर केस तो दर्ज कर लिया लेकिन अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इस बाबत थाना अध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि लूट में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लूट की रकम बरामद की जाएगी।