कलेक्ट्रेट कचहरी में बीएसएफ जवान की पत्नी व अन्य आमरण अन्शन पर बैठे हुए।
- फोटो : DEORIA
बीएसएफ एएसआई की पत्नी की सेहत बिगड़ी
हत्या का केस दर्ज करने और शहीद का दर्जा देने की कर रही हैं मांग
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बीएसएफ एएसआई कृष्णमुरारी मिश्र को शहीद का दर्जा देने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग को लेकर पत्नी मनोरमा मिश्र का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। देर शाम मौके पर पहुंचे चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में ब्लड प्रेशर लो मिला है। बावजूद पुलिस-प्रशासन की ओर से कोई जिम्मेदार वार्ता के लिए नहीं पहुंचा। कृष्णमुरारी मिश्र का पिछले माह त्रिपुरा में बांग्लादेश सीमा पर ड्यूटी के दौरान संदिग्ध हाल में गोली लगने से मौत हो गई थी। बीएसएफ मुख्यालय से आत्महत्या किए जाने की सूचना घरवालों को दी गई, जबकि परिजन इसे मानने को तैयार नहीं हैं। हत्या का आरोप लगाते हुए वह संबंधित धाराओं में केस दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। साथ ही शहीद का दर्जा देकर नियमानुसार सभी सुविधाएं देने की भी मांग की जा रही है। सोमवार से पत्नी मनोरमा मिश्र आमरण अनशन पर बैठी हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी समर्थन में अनशनस्थल पर डटे हैं। पुलिस-प्रशासन के अफसरों ने सोमवार को वार्ता कर अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया था, लेकिन बात नहीं बनी। मंगलवार को भी फोन पर समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन देर शाम तक कोई मौके पर नहीं पहुंचा था।