ताईक्वान्डो खिलाडी प्रत्युषा तिवारी को स्टेडियम में मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित किया।
- फोटो : DEORIA
थाईलैंड में प्रत्युषा ने बुलंद किया जिले का झंडा
अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जीता रजत पदक, स्टेडियम में हुआ सम्मान समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। थाईलैंड में हुए पांचवें हिरोज कप अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले की बेटी प्रत्युषा तिवारी ने रजत पदक जीता है। शुक्रवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में सीडीओ ने प्रत्युषा को सम्मानित किया। देवरिया ताइक्वांडो संघ की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में सीडीओ ने कहा कि प्रत्युषा ने थाईलैंड में अपनी प्रतिभा का डंका बजाकर पूरे जिले को गौरवान्वित किया है। संघ के अध्यक्ष संजय कानोडिया ने कहा कि ताइक्वांडो से जुड़े किसी भी खिलाड़ी को कोई भी कमी आड़े नहीं होने दी जाएगी। प्रशिक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रत्युषा ने पहले मैच में नेपाल की खिलाड़ी को 25-19, अगले मैच में मलेशिया को 21-14 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। अंतिम चार मुकाबले में उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाड़ी को रोमांचक मुकाबले में 30-28 से मात देकर खिताबी दौर में जगह बनाई। हालांकि फाइनल में उन्हें मेजबान थाईलैंड के खिलाड़ी से 29-32 के अंतर से पराजित होकर रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा। सम्मान समारोह में स्टेडियम में संचालित विभिन्न खेल प्रशिक्षण शिविरों के प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।