पीड़ित ने सुरक्षा में कमी करने की शिकायत की
हाईकोर्ट के आदेश पर 2013 से दो पुलिसकर्मी लगे हैं सुरक्षा में
पीड़ित परिवार की आठ साल की लड़की की रेप के बाद हुई थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। सलेमपुर कोतवाली के रहने वाले एक पीड़ित ने एसपी से मिलकर सुरक्षा में कमी करने की शिकायत की। हालांकि एसपी ने राइफल वाले सुरक्षाकर्मियों को हटाकर कार्बाइन के साथ एक गनर से सुरक्षा दिलाने की बात कही है। वर्ष 2010 में सलेमपुर कोतवाली के एक गांव निवासी आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया। जेल से छूटने के बाद आरोपी धमकी देने लगे। पीड़ित ने हाईकोर्ट से गुहार लगाई। हाईकोर्ट ने वर्ष 2013 में पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने का आदेश दिया। तभी से दो सुरक्षाकर्मी पीड़ितों की सुरक्षा में लगे हैं। पिछले दिनों एसपी ने सुरक्षा से एक गनर हटा लिया। पीड़ित ने शुक्रवार को एसपी से मिलकर शिकायत की। पीड़ित का कहना है कि मामला गवाही में चल रहा है और सुरक्षा कम कर दी गई है। कभी भी खतरा हो सकता है। आरोपी मनबढ़ किस्म के हैं। इस बाबत एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने बताया कि हाईकोर्ट ने सुरक्षा के आदेश दिए हैं। कितने गनर से सुरक्षा कराई जाएगी, यह तय नहीं है। दोनों राइफल वाले सुरक्षाकर्मियों को हटाकर एक कार्बाइन वाला सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिया गया है।