...फोटो समाचार
- अजहर चिश्ती मेमोरियल अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता अंतर्गत ग्रुप बी का दूसरा मुकाबला
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। अजहर चिश्ती मेमोरियल अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता अंतर्गत शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अमित गुप्ता 101 रन के शानदार प्रयास के बावजूद एनबी स्पोर्ट्स टीम को 29 रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही विजयी देवरिया छात्रावास की टीम ने अपने अंकों में बढ़त हासिल कर ली। 21 रन देकर चार विकेट लेकर जीत में अहम योगदान देने वाले प्रांजल पांडेय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में देवरिया क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित प्रतियागिता के ग्रुप बी में दूसरा मैच एनबी स्पोर्ट्स देवरिया और देवरिया छात्रावास टीम के बीच खेला गया। हॉस्टल देवरिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 35 ओवर के मैच में 34 ओवर में 210 रन पर छात्रावास की टीम आल आउट हो गई। इसमें आकाश गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ने 65, उत्कर्ष यादव 32, शिवा सोनकर ने 30 रन का योगदान दिया। विपक्षी टीम की तरफ से गेंदबाजी करते हुए कप्तान आकाश ओझा, अमित गुप्ता ने दो- दो विकेट झटके। शुभम मल्ल ने तीन विकेट, सुधांशु यादव और मनीष शुक्ला ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनबी स्पोर्ट्स की टीम शानदार शुरुआत मिलने के बावजूद 32 ओवर में 181 रन बनाकर आलआउट हो गई। अमित गुप्ता ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 89 गेंद पर चार छक्के और 10 चौंके की मदद से 101 रन बनाए। वहीं, विशाल ने 21 रन बनाए।
मैच के समापन पर मुख्य अतिथि एवं भाजपा नगर मंत्री अश्वनी मणि तिवारी बजरंगी व सीनियर खिलाड़ी शाकिर अली ने मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रांजल पांडेय को प्रदान किया।