देवरिया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें बालक वर्ग में शंभू कुमार और बालिका वर्ग में काजल पासवान ने अव्वल रहीं। प्रथम छह स्थान पर आए विजेता प्रतिभागियों को खेल निदेशालय की ओर से पुरस्कार प्रदान किया गया।
मंगलवार की सुबह स्पोर्ट्स स्टेडियम गेट से क्रॉस कंट्री रेस की शुरुआत हुई। बालक वर्ग के लिए पांच किलोमीटर एवं बालिका वर्ग के लिए तीन किलोमीटर रेस निर्धारित थी। बालक वर्ग में कुल 52 एवं बालिका में 35 प्रतिभागियों ने उत्साह संग हिस्सा लिया। एसडीएम सदर योगेश गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। अंत में शंभू कुमार प्रथम, मोनू सिंह द्वितीय, सनी कुमार तृतीय, सोनू पासवान चतुर्थ, समीर अंसारी पांचवे, एवं सतबीर प्रसाद छठवें स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में काजल पासवान प्रथम, खुशी गौड़ द्वितीय, आंचल निषाद तृतीय, रोशनी निषाद चतुर्थ, उर्मिला चौहान पांचवें एवं खुशी चौहान छठवें स्थान पर रहीं। प्रथम छह स्थान पर आए विजेता प्रतिभागियों को एसडीएम सदर ने पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान क्रीड़ाधिकारी राज नारायण प्रसाद सहित स्टेडियम के विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक मौजूद रहे।