खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला, ग्रेजुएशन करने के बाद युवती सलेमपुर जाती थी कंप्यूटर क्लास करने
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव की एक 21 वर्षीय युवती तीन दिन पहले घर से सलेमपुर कंप्यूटर क्लास करने गई। लेकिन वह देर शाम तक घर नहीं लौटी। मां ने थाने पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र एक गांव की एक 21 वर्षीय युवती ने ग्रेजुएशन करने के बाद कंप्यूटर कोर्स करने के लिए सलेमपुर के एक कोचिंग सेंटर में नामांकन कराया। युवती रोजाना घर से सलेमपुर कोचिंग क्लास करने आती-जाती थी। वह रोज की तरह सोमवार को भी घर से सलेमपुर कोचिंग पर कंप्यूटर क्लास करने निकली। लेकिन वह देर शाम को घर नहीं लौटी।
इसके बाद परिजन परेशान हो उठे। परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। मगर फोन रिसीव नहीं हुआ। फिर आसपास गांवों में भी तलाश की। जब कहीं कुछ पता नहीं चला तो मां ने बृहस्पतिवार को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि युवती के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन ट्रेस की जा रही है। युवती को ढूंढ़ निकाला जाएगा। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस युवती की तलाश कर रही है।