भाटपारानी में व्यापार मंडल ने जताया विरोध
भाटपाररानी में एक दुकानदार को जानमाल की धमकी दिए जाने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। नगर स्थित व्यापार मंडल कार्यालय पर शनिवार को संगठन के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें शुक्रवार रात एक हिस्ट्रीशीटर की ओर से स्टेशन रोड के दुकानदार अनिल गुप्ता को दुकान में घुसकर जानमाल की धमकी दिए जाने की निंदा की गई। साथ ही उसके विरुद्ध पुलिस प्रशासन से कार्रवाई किए जाने की मांग करते हुए ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील उर्फ पप्पू जायसवाल ने कहा कि रात में ही पीड़ित अनिल गुप्ता ने व्यापारियों के साथ थाने जाकर घटना की नामजद तहरीर दे दी। घटना के सात घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक न तो प्राथमिकी दर्ज की है और न ही हिस्ट्रीशीटर के विरुद्ध कोई पुलिसिया कार्रवाई की है। इससे व्यापारियों के अंदर दहशत का माहौल है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में भी जब निकाय चुनाव में सपा प्रत्याशी संजय गुप्ता की जीत हुई थी तो इसी हिस्ट्रीशीटर ने उनके दुकान में घुसकर जानमाल की धमकी दी थी। व्यापारी नेता विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि यदि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो हम यह लड़ाई व्यापारियों के हित में सड़क से न्यायालय तक ले जाएंगे। इस दौरान अनिल गुप्ता, आलोक, राजकुमार गुप्ता, जमशेद हुसैन, आलम, हरीश, रविंद्र, शहाबुद्दीन, अनूप कुमार, चंदन कुमार गुप्ता, अशोक, नरेश गुप्ता और मदन प्रसाद आदि मौजूद थे।