संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। नगर पंचायत के वार्ड नंबर दो पिपरा नाजिर की रहने वाली एक महिला को फोन कर बदमाशों ने रकम की मांग की। नहीं देने पर बेटा और बेटी का अपहरण कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
लार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव की रहने वाली किरन नगर के पिपरा नाजिर वार्ड में अपने मकान में रहकर बच्चों को पढ़ाती हैं। रविवार की रात में उनके मोबाइल नंबर पर एक अनजान नंबर से फोन आया। इसमें कहा गया कि मोबाइल व्हाट्सएप पर बार कोड भेजा गया है। उस पर पहले 25 और 15 हजार की मांग की गई। महिला ने अपनी लाचारी बताई तो बदमाश 7500 की मांग करने लगे। रकम नहीं देने पर बेटा और बेटी का घर से अपहरण कर हत्या की धमकी देने लगे। मोबाइल फोन करने वाले मोबाइल न काटते हुए कहीं दूसरे से बार कोड पर रकम भेजने की बात कह रहे थे।
महिला ने एक परिचित व्यक्ति से बिना कुछ बताए तीन हजार रुपये भेज दिया। इसके बावजूद बदमाश और रुपये भेजने की जिद्द कर रहे थे। इसी बीच महिला का मोबाइल डिस्चार्ज होकर स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद सुबह जब उसने मोबाइल चार्ज किया तो सोमवार को भी उसी नंबर से फोन आया। लेकिन, डर से भयभीत किरन ने मोबाइल रिसीव नहीं किया।
सीओ दीपक शुक्ला ने कहा कि इस तरह की जानकारी नहीं है। महिला ने तहरीर दी होगी तो कार्रवाई की जाएगी।