राम नगीना राजभर की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : DEORIA
ट्रेन की चपेट से युवक की मौत, परिवार में कोहराम
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के सिसई ढाले के पश्चिम रेलवे ट्रैक पर बुधवार की सुबह 35 वर्षीय युवक का शव मिला। आसपास गांवों के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस की मौजूदगी में शव की पहचान मंगराइच निवासी रामनगीना राजभर के रूप में हुई। परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी बेसुध पड़ी है।
मंगराईच निवासी रामनगीना राजभर (32) पांच भाइयों में तीसरे नंबर के थे। परिजनों और पुलिस के मुताबिक, रामनगीना की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। बुधवार भोर में वह टहलते हुए सिसई ढाले की तरफ चले गए, जहां किसी ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पत्नी ऊषा देवी, बेटी संजना कुमारी (10), सलोनी (8) और बेटा प्रिंस (7) दहाड़े मारकर रोने लगे। बड़े भाई रामानंद राजभर का कहना है कि रामनगीना स्वस्थ थे तो घर के कामों में हाथ बंटाते थे। पांच साल पहले वह कमाने बाहर भी गए, लेकिन लौट आए थे। उधर, गांव वालों का कहना है कि रामनगीना भले मानसिक रूप से अस्वस्थ थे, लेकिन उन्हें अपने बच्चों से बहुत लगाव था। एसओ नवीन चौधरी ने बताया कि की किसी ट्रेन की चपेट में आने से रामनगीना राजभर की मौत हुई है। घरवालों का कहना है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।