मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
भाटपाररानी। रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से बुधवार को 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने के पहले ही परिजन शव लेकर चले गए और दाह संस्कार कर दिया। नगर पंचायत के आर्य चौक निवासी राम नारायण प्रतिदिन इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन से देवरिया आते-जाते थे। वे वहां एक व्यापारी के यहां मुनीम थे। बुधवार को वे इंटरसिटी ट्रेन पकड़ने घर से निकले। वे स्टेशन पर ट्रैक पार कर प्लेटफार्म नंबर दो पर किसी से मिलने जा रहे थे। इसी बीच डाउन ट्रैक पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने जीआरपी भटनी के पहुंचने के पूर्व ही शव का दाह संस्कार कर दिया। जीआरपी थानाध्यक्ष मुश्ताक अहमद खान ने बताया कि परिजन पुलिस पहुंचने के पूर्व ही शव को ले जाकर दाह संस्कार कर दिए थे। इसकी जांच की जा रही है।